
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: ठाकुरगंज के अंतर्गत आने वाले प्रेरणास्थल चौकी क्षेत्र में आज एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बसंतकुंज सेक्टर–I में सड़क पर खेल रहे एक लगभग 5 वर्षीय मासूम बच्चे को नगर निगम की LSA कंपनी की रोड सफाई मशीन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया।
गंभीर लापरवाही की बात यह सामने आई कि हादसे में शामिल सफाई मशीन पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। मशीन के चालक ने दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से फरार होने की कोशिश की और भीड़ जुटने से पहले ही वह घटनास्थल छोड़कर भाग गया।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखा गया। उनका कहना है, कि बिना नंबर प्लेट के ऐसे भारी वाहनों का आवागमन बच्चों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। लोगों ने नगर निगम और LSA कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मशीन और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है, कि फरार चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
परिजनों का रो–रो कर बुरा हाल
दुर्घटना के बाद मासूम के परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है। बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, और डॉक्टर उसकी स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं।


