
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र स्थित नगराम में सोमवार को 1857 की क्रांति की महान वीरांगना उदा देवी पासी की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सपा सांसद आर.के. चौधरी ने वीरांगना उदा देवी के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
सांसद चौधरी ने बताया कि 1857 की क्रांति के दौरान उदा देवी ने सैनिक वेश में लखनऊ के सिकंदर बाग में पीपल के पेड़ पर चढ़कर 36 अंग्रेज सैनिकों को मार गिराया था। जब अंग्रेज अधिकारियों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने गोली चलाने का आदेश दिया, जिसमें उदा देवी वीरगति को प्राप्त हो गईं।
इस कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत नगराम के चेयरमैन प्रतिनिधि मोहम्मद सुफियान द्वारा किया गया।
भारी बारिश के बावजूद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और वीरांगना को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनके शौर्य और बलिदान को नमन किया और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने मांग की कि उदा देवी जैसे वीर सपूतों के इतिहास को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए ताकि देश के बच्चे अपने असली नायकों को जान सकें।





