
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: आज सेंटर बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अखिलेश जयसवाल, मुकीम खान और अन्य वकीलों ने एकजुट होकर पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए अपील की। इस मौके पर बार काउंसिल में एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें वकीलों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जरूरी सामान व आर्थिक सहायता प्रदान की।
टीम लखनऊ, जिसमें अधिवक्ता मुर्तजा अली, अब्दुल वाहिद, जुबेर, शिबू भाई, और जसबीर सिंह शामिल हैं, पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सहायता पहुंचाने के लिए रवाना हो रही है। अधिवक्ता समाज ने एक स्वर में कहा, “हम टीम लखनऊ के साथ खड़े हैं। जहां भी जरूरत पड़ेगी, हमारा पूरा अधिवक्ता समाज सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।”
टीम लखनऊ ने सभी अधिवक्ताओं का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए उदारतापूर्वक योगदान दिया। कैंप में एकत्रित सामग्री और धनराशि को जल्द से जल्द प्रभावितों तक पहुंचाने की योजना है।
अखिलेश जयसवाल ने कहा, “यह समय एकजुटता का है। हम सभी से अपील करते हैं कि अधिक से अधिक सहायता करें ताकि पंजाब के बाढ़ पीड़ितों को राहत मिल सके।” अधिवक्ता समाज की इस पहल को व्यापक समर्थन मिल रहा है, और यह प्रयास आपदा प्रभावितों के लिए उम्मीद की किरण बन रहा है।




