
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई हाइडिल चौराहा, स्कूटर इंडिया और शांति नगर रोड पर की गई।
अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथों पर अवैध रूप से कब्जा जमाने वाले दुकानदारों और ठेला चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि इन अतिक्रमणों के कारण जाम और सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं।

अभियान के तहत सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा, अन्य वाहन और अवैध ठेले भी हटाए गए। नो पार्किंग ज़ोन में खड़े वाहनों पर भी सख्ती से कार्रवाई की गई।
सरोजिनी नगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुकानदारों और राहगीरों से सहयोग की अपील भी की है।





