
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ/गुडंबा: लखनऊ नगर निगम के जोन-3 क्षेत्र में सफाई और अतिक्रमण हटाओ अभियान अब कागजों तक सीमित नहीं रहा। गुडंबा थाना क्षेत्र में एसीपी गाज़ीपुर और थाना प्रभारी प्रभातेश श्रीवास्तव ने खुद मोर्चा संभालते हुए सड़क पर उतरकर अवैध अतिक्रमण को हटाया।
ठेले-खोमचों को हटाया गया, दी सख्त चेतावनी
टेढ़ी पुलिया से लेकर पहाड़पुर चौराहे तक सड़क पर अवैध रूप से लगे ठेले, खोमचे और दुकानों को हटाया गया। मौके पर मौजूद एसीपी और सभी चौकी प्रभारियों ने दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी और चेताया कि अगली बार उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क पर जाम की समस्या को खत्म करना था। एसीपी गाज़ीपुर और प्रभारी निरीक्षक गुडंबा की इस पहल से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुगमता और जाम से निजात मिलने की उम्मीद है।
प्रशासनिक सक्रियता से दिखा असर
नगर निगम के सफाई अभियान को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा था, लेकिन पुलिस की सीधी कार्रवाई से अब क्षेत्र में साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्ती देखने को मिल रही है।
यह अभियान न केवल ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि प्रशासनिक सहयोग से कैसे ज़मीनी स्तर पर असरदार कार्रवाई की जा सकती है।





