
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां स्कूल जा रही एक शिक्षिका को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी।
स्कूटी पर सवार शिक्षिका जब गांव से स्कूल की ओर जा रही थीं, तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी डंपर में फंस गई और कई मीटर तक घिसटती चली गई।
घटना में शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सरोजिनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लोक बंधु अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि घायल शिक्षिका सरोजिनी नगर क्षेत्र के बिजनौर रोड स्थित स्काई पब्लिक स्कूल में अध्यापिका हैं।
वहीं, पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।





