
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आलमबाग पुलिस और शातिर बदमाश सतेन्द्र उर्फ कालिया के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश को गोली लग गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सतेन्द्र पर दर्ज हैं 45 आपराधिक मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, सतेन्द्र उर्फ कालिया के खिलाफ पहले से 45 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी।
3 जुलाई को महिला से की थी चेन स्नेचिंग
सतेन्द्र ने 3 जुलाई को आलमबाग क्षेत्र में एक महिला से चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। तभी से पुलिस उस पर नजर बनाए हुए थी।
मुठभेड़ के दौरान हुआ घायल, मौके से हथियार और बाइक बरामद
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सतेन्द्र को गोली लगी। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, एक देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और लूटी हुई चेन बरामद की है।
पुलिस की सतर्कता से मिली बड़ी सफलता
फरार चल रहे इस कुख्यात बदमाश को पकड़कर पुलिस ने शहर में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में अहम कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।





