
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ के चौक इलाके में केजीएमयू के पीछे वाले रास्ते पर नाले के किनारे बनी झोपड़पट्टी में भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झोपड़पट्टी में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गई। आग की चपेट में आने से कई झोपड़पट्टी के मकान जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
पुलिस कर्मियों ने खुद दौड़-भाग कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। चरक चौकी इंचार्ज समेत कई दरोगा मौके पर मौजूद रहे और आग बुझाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान सिपाही रमेश ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही पानी का पाइप लेकर आग बुझाने का मोर्चा संभाला और लगातार प्रयास करते रहे।
चौक क्षेत्र के कई दरोगा और पुलिस बल अब भी मौके पर डटे हुए हैं। वहीं, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।





