
रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। वादी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। आरोपी ने वादी के बैंक खाते से 60 हजार रुपये की ठगी की थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के बैंक खाते को फ्रीज करा दिया, जिससे ठगी की रकम को होल्ड कर लिया गया। जांच में पता चला कि आरोपी नौकरी दिलाने के बहाने लोगों से उनके महत्वपूर्ण दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर, हासिल कर लेता था। इसके बाद वह इन जानकारियों का दुरुपयोग कर खातों को हैक करता और साइबर फ्रॉड को अंजाम देता था।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मोनीश, निवासी थाना महमूदाबाद, जिला सीतापुर के रूप में हुई है। नाका थाने के SHO श्रीकांत राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया। पुलिस ने अन्य पीड़ितों से भी इस तरह के फ्रॉड की शिकायत दर्ज करने की अपील की है।




