
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: कैंट पुलिस ने सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र से 18 वर्षीय अक्षय प्रताप सिंह उर्फ अनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बीती देर शाम कैंट क्षेत्र में तेज रफ्तार थार गाड़ी से सवारी से भरे एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी थी, जिसके बाद वह फरार हो गया था। इस हादसे में दो लोगों, उमेश और मोहित, की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पीड़ित खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। कैंट पुलिस ने न केवल आरोपी को सुशांत गोल्फ सिटी के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया, बल्कि हादसे में इस्तेमाल थार गाड़ी को भी बरामद कर सीज कर लिया।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। मामले की जांच जारी है, और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




