
नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। सीबीआई की एक टीम ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुख्यात अपराधी लखविंदर कुमार को अमेरिका से गिरफ्तार कर भारत वापस ला दिया है। यह कार्रवाई शनिवार, 25 अक्टूबर को की गई।
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से वांटेड अपराधी लखविंदर कुमार को अमेरिका से भारत लाने में मदद मिली। जैसे ही आरोपी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा, हरियाणा पुलिस की टीम ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि लखविंदर के खिलाफ इंटरपोल द्वारा ‘रेड नोटिस’ जारी किया गया था। वह हरियाणा में जबरन वसूली, धमकी देना, अवैध हथियार रखना, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में वांटेड था।
बयान के मुताबिक, “हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने 26 अक्टूबर 2024 को इंटरपोल के माध्यम से लखविंदर के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था।” इसी नोटिस के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने उसे ट्रैक कर गिरफ्तार किया। बाद में उसे भारत डिपोर्ट किया गया, जहां 25 अक्टूबर 2025 को दिल्ली पहुंचने पर हरियाणा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि इंटरपोल का रेड नोटिस दुनियाभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को वांटेड अपराधियों को ढूंढने और गिरफ्तार करने के लिए जारी किया जाता है। सीबीआई के अनुसार, हाल के वर्षों में इंटरपोल चैनलों के माध्यम से बेहतर अंतरराष्ट्रीय समन्वय के कारण अब तक 130 से अधिक भगोड़े अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।



