
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर शारदा विहार कॉलोनी में एक महिला की निर्मम हत्या का मामला पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। वरुणा ज़ोन की डीसीपी नीतू काद्दयान (‘लेडी सिंघम’) के कुशल निर्देशन में, शिवपुर थाना पुलिस टीम ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले पति-पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है।
ऑपरेशन चक्रव्यूह: ऐसे पकड़े गए हत्यारे
पुलिस आयुक्त वाराणसी के अपराध रोकथाम अभियान के तहत, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन नीतू काद्दयान के मार्गदर्शन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में, शिवपुर पुलिस ने ” ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत कार्रवाई इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर, आज (12.12.2025) पुलिस ने दोनों वांछित आरोपियों को शिवपुर रेलवे स्टेशन से भागने की फिराक में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- मोहित यादव (21 वर्ष): पिता बच्चालाल यादव, निवासी मीरापुर बसही, थाना शिवपुर।
- अंजली चौहान (21 वर्ष): पत्नी मोहित यादव, निवासी नवलपुर बसही, थाना शिवपुर।
हत्या की चौंकाने वाली वजह: संतान की चाहत और ब्लैकमेलिंग
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मोहित यादव और उसकी पत्नी अंजली चौहान, मृतका अनूपमा पटेल उर्फ सीता के घर के पास किराए पर रहते थे। पीड़िता अनूपमा पटेल (जो दूध बेचने का काम करती थीं और जिनकी कोई संतान नहीं थी) का परिचय मोहित से हुआ।
पीड़िता संतान सुख की चाहत में मोहित से संबंध बनाना चाहती थी और इसके लिए वह उस पर लगातार दबाव बना रही थी। धमकी मिलने पर मोहित ने अपनी पत्नी अंजली चौहान को सारी बात बताई, जिसके बाद दोनों ने मिलकर अनूपमा पटेल को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।
वारदात का दिन
11 दिसंबर 2025 की सुबह, मोहित और अंजली पांडेयपुर स्थित एक होम स्टे से पीड़िता के घर पहुंचे। अंजली बाहर ही रुक गई, जबकि मोहित पीछे के रास्ते से घर में घुसा। उसने पत्थर के सिल एवं स्टील के ड्रम से पीड़िता के सिर, चेहरे और गर्दन पर वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने घर में रखे गहने और 73,640 रुपये नकद लूट लिए। खून से सने कपड़ों को अंजली के दुपट्टे से ढककर दोनों टेम्पो से भाग गए।
महत्वपूर्ण बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवरात और नकदी बरामद कर ली है।
- नकद: 73,640 रुपये
- आभूषण: विभिन्न पीली व सफेद धातु के आभूषण (कान के झुमके, चेन, अंगूठी, नथ, बिछिया, पायल आदि)।
- अन्य: पीड़िता का पैन कार्ड और आधार कार्ड।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की निशानदेही पर हत्या के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी झाड़ी से बरामद कर लिए गए।
आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार मोहित और अंजली दोनों का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है:
- मु०अ०सं० 0553/2025, धारा 103(1) बी०एन०एस०, थाना शिवपुर (वर्तमान मामला)।
- मु०अ०सं० 0192/2025, धारा 305(a), 317(2) बी०एन०एस०, थाना लालपुर पाण्डेयपुर।
इस सफल कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर के नेतृत्व में उप निरीक्षक कृष्ण कुमार सरोज, गौरव सिंह, विद्या सागर चौरसिया और भूपेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने अंजाम दिया। शिवपुर थाना पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


