
- रिपोर्ट :अजय सोनकर
वाराणसी। काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। एक दिसंबर से काशी दर्शन सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इस विशेष सेवा के माध्यम से पर्यटक मात्र 10.30 घंटे में काशी के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों की सैर कर सकेंगे। इसके लिए प्रति यात्री 2499 रुपये किराया तय किया गया है।
यह सेवा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से शुरू की जा रही है।
बस सेवा का समय और रूट
काशी दर्शन बस कैंट स्थित चौधरी चरण सिंह बस स्टेशन से सुबह 8 बजे शुरू होगी और शाम 6.30 बजे वापस लौट आएगी।
बसों में हिंदी और अंग्रेजी बोलने वाले प्रशिक्षित गाइड भी मौजूद रहेंगे, जो पर्यटकों को काशी की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत की जानकारी देंगे।
इन प्रमुख स्थलों की सैर कराएगी बस
काशी दर्शन सेवा के अंतर्गत पर्यटक निम्न स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे—
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर
अन्नपूर्णा मंदिर
कालभैरव मंदिर
संकठमोचन मंदिर
दुर्गाकुंड मंदिर
तुलसी मानस मंदिर
बौद्ध तीर्थस्थल सारनाथ
नमो घाट और अन्य प्रमुख नदी किनारे के टूरिस्ट स्पॉट
यात्रा में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के सुगम दर्शन का टिकट भी शामिल किया गया है, जिससे यात्रियों को बिना भीड़ के आराम से दर्शन का अवसर मिल सकेगा।
विशेष आकर्षण
पर्यटकों को बनारस की पहचान ‘आस्था और स्वाद’ दोनों का अनुभव कराया जाएगा।
सुबह अस्सी घाट की सुबह-ए-बनारस आरती
शाम को भव्य गंगा आरती
नाश्ते में कचौड़ी-सब्जी और जलेबी
शाम को चाट और स्थानीय व्यंजन
यातायात विभाग की तैयारी
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में यह सेवा एक बस से शुरू की जा रही है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर आगे बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
काशी दर्शन सेवा से पर्यटकों को आध्यात्म, संस्कृति और बनारस की अनोखी विरासत को एक ही दिन में देखने का अवसर मिलेगा।


