
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
कानपुर: शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां संगीत की तेज आवाज को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक मां की जान ले ली। मामला कानपुर का है, जहां उर्मिला नाम की महिला ने अपने बड़े बेटे से स्पीकर पर गाना बंद करने को कहा, लेकिन इसका अंजाम बेहद दर्दनाक निकला।
जानकारी के मुताबिक, उर्मिला का बड़ा बेटा 12वीं का छात्र है और उस समय किचन में स्पीकर पर गाना सुन रहा था। उर्मिला, जो पहले से ही बीमार और मानसिक तनाव में थीं, ने उसे गाना बंद करने को कहा। जब बेटे ने बात नहीं मानी, तो उन्होंने गुस्से में स्पीकर फेंककर तोड़ दिया और उसे थप्पड़ मार दिए।
इस पर गुस्साए बेटे ने भी मां को जोरदार थप्पड़ मारा, जिससे उर्मिला बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद उसने मां के ही दुपट्टे से उनका गला घोंट दिया और बेहोश पड़ी मां को बेड के अंदर बंद कर दिया।
कुछ समय बाद छोटा बेटा स्कूल से लौटा और मां को ढूंढने लगा। बेड से दुपट्टा बाहर लटकता देखकर उसे शक हुआ। जब उसने बेड खोला, तो मां अचेत अवस्था में अंदर पड़ी थीं। बच्चे ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
उर्मिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।





