
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
कानपुर: शहर के कल्याणपुर इलाके में एक आवारा गाय के हमले ने सबको झकझोर कर रख दिया है। सड़क पर टहल रहे एक बुजुर्ग पर गाय ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस खौफनाक वीडियो को देखकर लोग दहशत में हैं, क्योंकि ऐसा भयावह दृश्य शायद ही पहले किसी ने देखा हो।
जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर में सड़क पर चल रहे बुजुर्ग पर आवारा गाय ने अचानक हमला बोल दिया। गाय ने बुजुर्ग को दौड़ाकर अपने सींगों से जोरदार प्रहार किया और उन्हें जमीन पर पटक दिया। इसके बाद भी गाय ने रुकने का नाम नहीं लिया और बार-बार सींगों से हमला करती रही। आसपास के लोगों ने लाठियों से गाय को भगाने की कोशिश की, लेकिन गाय का आक्रामक रवैया कम नहीं हुआ।
घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना ने स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर दोनों पैदा कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि गाय ने किस तरह बुजुर्ग को बार-बार निशाना बनाया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सड़कों पर घूम रही आवारा गायें आए दिन खतरा बन रही हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की तहकीकात की जा रही है। इस दुखद घटना ने शहर में आवारा पशुओं के प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





