
- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
कानपुर, 9 जुलाई 2025। स्वास्थ्य विभाग, कानपुर में मंगलवार को एक अजीब और असमंजस भरा दृश्य देखने को मिला, जब पूर्व मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. हरिदत्त नेमी और वर्तमान सीएमओ डॉ. उदयनाथ एक ही कार्यालय में अलग-अलग कुर्सियों पर साथ बैठ गए।
दरअसल, डॉ. हरिदत्त नेमी को कुछ सप्ताह पहले जिलाधिकारी से टकराव के चलते शासन द्वारा निलंबित कर दिया गया था। लेकिन अब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उनके निलंबन को रद्द करते हुए उन्हें पूर्व पद पर बहाल करने का आदेश जारी कर दिया है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार को डॉ. नेमी ने स्वास्थ्य विभाग कार्यालय में वापसी की, लेकिन इसी बीच वर्तमान सीएमओ डॉ. उदयनाथ भी अपने पद पर बने हुए हैं। नतीजतन, दोनों अधिकारी एक ही कार्यालय में अलग-अलग कुर्सियों पर बैठकर कामकाज करते नजर आए, जिससे विभाग में असमंजस और भ्रम की स्थिति बन गई।

इस स्थिति ने विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों को भी असहज कर दिया है। अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि राज्य शासन और स्वास्थ्य विभाग इस दोहरे अधिकार वाले संकट पर क्या निर्णय लेते हैं, और दोनों अधिकारियों के बीच उत्पन्न टकराव का समाधान कैसे निकाला जाएगा।
यह मामला न सिर्फ प्रशासनिक पेचिदगियों को उजागर करता है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की सुचारू व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।





