
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
कानपुर देहात पुलिस ने इटावा-कानपुर हाइवे पर चलती कार के बोनट पर बैठकर रील बनाने वाले युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार को सीज करते हुए 40,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया। यह घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र के सूर्या होटल के पास की है, जहां युवकों का स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
चलती कार पर खतरनाक स्टंट करना इन युवकों को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने न केवल युवकों को हिरासत में लिया, बल्कि ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के लिए भारी जुर्माना भी ठोका। पुलिस की इस कार्रवाई से अन्य लोगों के लिए भी सख्त संदेश दिया गया है कि सड़क पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




