
- रिपोर्ट: विक्रांत चौधरी
अलीगढ: आज अलीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर गुरुवार को अलीगढ़ की ताला नगरी में भाजपा ने ‘हिंदू गौरव दिवस’ का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने बाबूजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें “राम मंदिर आंदोलन के सेनापति और सुशासन के शिल्पकार” के रूप में याद किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “बाबूजी का जीवन भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीयता और जनता की सेवा को समर्पित रहा। उनकी विरासत ही आज उत्तर प्रदेश के विकास और सुशासन की आधारशिला है।” उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने शिक्षक और भाजपा कार्यकर्ता के रूप में ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री रहते हुए भी विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चलने का काम किया।
योगी ने अयोध्या आंदोलन को याद करते हुए कहा कि “कांग्रेस ने 1992 में अलोकतांत्रिक तरीके से उनकी सरकार बर्खास्त की, लेकिन बाबूजी ने बिना देर किए राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए मुख्यमंत्री पद का बलिदान दिया। जब विवादित ढांचा गिरा, उन्होंने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली और कहा कि किसी रामभक्त को आंच नहीं आनी चाहिए।”
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि PDA (परिवार विकास अथॉरिटी) के नाम पर समाज को बांटने का काम करने वाले वही लोग हैं, जो कभी दंगे भड़काते थे और हिंदू त्योहारों पर रोक लगाते थे। उन्होंने कहा कि आज यूपी दंगा और माफियाओं से मुक्त है और हजारों युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत नौकरी मिली है।
सीएम योगी ने कहा कि बाबूजी की स्मृतियां अलीगढ़ की ताला नगरी को भी प्रेरित करती हैं। “यदि हम उनके आदर्शों को अपनाएं, तो उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरा भारत नई ऊंचाइयों को छुएगा। बाबूजी का जीवन हमें राष्ट्रीयता, जनसेवा और समर्पण का संदेश देता है।”
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा की PDA नीति “फूट डालो, राज करो” की राजनीति है। उन्होंने कल्याण सिंह को भारत रत्न देने की मांग उठाई और कहा कि 2027 में सपा का सफाया ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वहीं उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि बाबूजी ने मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़कर राम मंदिर के लिए त्याग किया।
पूर्व मंत्री उमा भारती ने कहा कि कल्याण सिंह ने कार सेवकों पर गोली चलाने से साफ इनकार कर दिया था। “वह आतंकवादियों पर गोली चला सकते थे, लेकिन रामभक्तों पर नहीं।” वहीं, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उन्हें एक “संस्थान और विचार” बताया और कहा कि उन्होंने यूपी में सुशासन की नींव रखी।
भाजपा नेताओं ने मंच से एक सुर में संकल्प लिया कि कल्याण सिंह की विरासत पर चलते हुए यूपी को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाया जाएगा





