
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय पहलवान और उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के कर्मचारी जोंटी कुमार को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘लक्ष्मण पुरस्कार’ से सम्मानित किया। समारोह 24 मार्च को लखनऊ में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सम्मानित किया और राज्य सरकार की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान राशि प्रदान की। जोंटी कुमार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में अद्वितीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके प्रमुख कीर्तिमानों में 4 बार ‘भारत केसरी’, 3 बार ‘यूपी केसरी’, 2 बार ‘भारत कुमार’, नेशनल गेम्स में 2 स्वर्ण पदक, सीनियर फेडरेशन कप और सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक और एशिया कुश्ती प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने सीनियर वर्ल्ड और सीनियर एशिया कुश्ती प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व किया। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह सहित खेल संघ के पदाधिकारियों ने जोंटी कुमार को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



