
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
जयपुर: जयपुर से दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-195 सोमवार सुबह उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दी गई। फ्लाइट में 130 यात्री सवार थे, जिन्हें कई घंटों की प्रतीक्षा के बाद यात्रा रद्द होने की जानकारी मिली।
फ्लाइट को सुबह 5:30 बजे जयपुर से दुबई के लिए रवाना होना था, लेकिन यह निर्धारित समय से करीब 30 मिनट की देरी से सुबह 6 बजे टैक्सी-वे तक पहुंची। तभी सुबह 6:05 बजे, टेक-ऑफ से कुछ ही क्षण पहले पायलट ने कॉकपिट में तकनीकी गड़बड़ी महसूस की और तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट (ATC) को सूचित किया।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने विमान को रनवे से वापस लाकर एप्रन एरिया में खड़ा कर दिया। इसके बाद तकनीकी टीम ने करीब 5 घंटे तक खराबी को ठीक करने की कोशिश की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। अंततः फ्लाइट को पूरी तरह रद्द करने का निर्णय लिया गया।
फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों की दुबई में कनेक्टिंग फ्लाइट्स और जरूरी काम प्रभावित हुए। हालांकि एयरलाइन की ओर से यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्थाएं और रिफंड संबंधी जानकारी दी गई।
यह घटना न सिर्फ यात्रियों के लिए परेशानी भरी रही, बल्कि एक बार फिर तकनीकी जांच और रखरखाव पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता को भी उजागर करती है।





