
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
गाज़ा: गाज़ा एक बार फिर धमाकों से दहल उठा है। शनिवार को इस्राइल द्वारा किए गए ताजा हवाई हमलों में कम से कम 47 फलस्तीनी नागरिकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हमला उस वक्त हुआ जब लोग खाने के लिए कतार में खड़े थे।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के बाद अस्पतालों में अफरा-तफरी मच गई है। घायलों की संख्या इतनी है कि अस्पतालों में जगह और दवाओं की भारी कमी हो गई है। कई जगहों पर लोगों को बिना इलाज के ही लौटाया जा रहा है।
गाज़ा की सड़कों पर फिर मातम पसरा है। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हर तरफ चीख-पुकार मची हुई है।
इसी बीच, संघर्ष के समाधान की एक उम्मीद भी नजर आई है। हमास ने 60 दिन के युद्धविराम प्रस्ताव पर सहमति जताई है, जिससे इस लंबे और दर्दनाक संघर्ष के थमने की संभावना बनी है।
गौरतलब है कि इस्राइल और हमास के बीच यह संघर्ष करीब दो साल से चल रहा है और गाज़ा में हालात दिनों-दिन और भी भयावह होते जा रहे हैं। हालिया हमले ने फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आम नागरिक कब तक इस युद्ध का खामियाजा भुगतते रहेंगे।





