
वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
नई दिल्ली। मोदी सरकार ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सोनाली मिश्रा को रेलवे सुरक्षा बल (RPF), रेलवे बोर्ड का नया महानिदेशक नियुक्त किया है। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के साथ सोनाली मिश्रा RPF का नेतृत्व करने वाली देश की पहली महिला बन गई हैं।
रेलवे सुरक्षा बल देश के विशाल रेलवे नेटवर्क की सुरक्षा और संरक्षा के लिए जिम्मेदार एक प्रमुख बल है। इस पद पर सोनाली मिश्रा की नियुक्ति महिलाओं के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण मानी जा रही है।
सोनाली मिश्रा की गिनती तेजतर्रार और दक्ष अधिकारियों में होती है। उनकी नियुक्ति को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। यह नियुक्ति न केवल प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह देश की आधी आबादी को नेतृत्व के और भी अधिक अवसर देने की दिशा में एक मजबूत संदेश भी देती है।





