
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: शहर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दशाश्वमेध क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में चौकी प्रभारी अनुज मणि त्रिपाठी ने अपने हमराहियों के साथ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने दशाश्वमेध एवं आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। इसके साथ ही सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दुकानदारों और ठेला-खोमचा संचालकों को सड़क से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।अभियान के दौरान कई स्थानों से अतिक्रमण हटवाया गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी राहत मिली।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है तथा आम जनता ने भी इस पहल की सराहना की है।





