
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। शासन एवं मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में जनपद में संचालित स्कूली वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने हेतु निरंतर सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। मानकों का अनुपालन न करने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में सुधांशु रंजन, एआरटीओ (प्रवर्तन) तथा श्री अखिलेश पाण्डेय, यात्रीकर अधिकारी, वाराणसी के नेतृत्व में लगातार अभियान चलाकर अनियमित पाए जाने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध चालान एवं सीज की कार्रवाई की जा रही है। स्कूल विजिट अभियान का नेतृत्व श्री मनोज प्रसाद वर्मा, एआरटीओ (प्रशासन), वाराणसी द्वारा किया जा रहा है। उनके निर्देशन में ऐसे विद्यालयों की पहचान की जा रही है, जहाँ संचालित वाहनों के प्रपत्र मानक के अनुरूप नहीं पाए गए हैं।
संबंधित विद्यालयों की सूची तैयार कर प्रवर्तन कार्मिकों एवं लिपिकों के माध्यम से नोटिस जारी किए जा रहे हैं तथा विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक प्रपत्र शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही, प्रवर्तन टीम द्वारा विद्यालयों का नियमित भ्रमण कर वाहनों का भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बिना मानक अथवा अपूर्ण प्रपत्र वाले वाहन किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों के परिवहन हेतु संचालित न हों।यह अभियान जनपद वाराणसी में निरंतर जारी रहेगा। समस्त विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील है कि वे अपने विद्यालय में संचालित सभी वाहनों के प्रपत्रों को पूर्णतः मानकानुसार सुनिश्चित करें, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संरक्षित रह सके।





