
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। जनशिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को आयोजित संभव कार्यक्रम में कुल 16 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 12 का महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने तुरंत समाधान कराया, जबकि चार प्रकरण गली एवं नाली निर्माण से जुड़े थे, जिसकी जांच कर स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई की अध्यक्षता कर रहे महापौर ने मुख्य मार्गो से इतर कॉलोनी एवं गलियों में सफाई पर विशेष ध्यान देने की हिदायत कर्मचारियों को दी। उन्होंने कौशलपुरी वार्ड के विष्णुपुरी कॉलोनी में सफाई व्यवस्था खराब होने की शिकायत मिलने पर सफाई सुपरवाइजर एवं निरीक्षक को फटकार लगाई। महापौर ने सफाई सुपरवाइजर को हटाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सड़क, नाली, गली के निर्माण, मार्ग प्रकाश व्यवस्था के जल एवं सफाई को लेकर शिकायतें आईं, जिसका समयबद्ध समाधान कराने का भरोसा महापौर ने दिया। नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र संबंधी प्रकरण की जांच कर जल्द से जल्द जारी करने का निर्देश दिया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस मौके पर अपर नगर आयुक्त डॉ नागेंद्र नाथ भरत भार्गव सुमित कुमार नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर आर्यन शुक्ला निर्माण खंड के सहायक अभियंता भारत सिंह वर्मा राजपति यादव जूनियर अधिकारी सुभाष त्रिपाठी अशोक गुप्ता आज मौजूद थे।
- कौशपुरी वार्ड में शुक्रवार को भ्रमण कर जनसमस्याएं जानेंगे महापौर
- स्थानीय सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पार्षद संग मौजूद रहेगा नगर निगम के अधिकारियों का दल
अयोध्या। नगर निगम की टीम के साथ आगामी शुक्रवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी कौशलपुरी वार्ड का भ्रमण कर सफाई, पेयजल, पार्कों, नालियों एवं गलियों की स्थिति देखेंगे। इस दौरान जनसुनवाई कर समस्याओं का समाधान भी कराएंगे।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि नगर की सरकार आपके द्वार अभियान के तहत 12 दिसंबर को सुबह आठ बजे महापौर लालबाग में भ्रमण कर लोगों की शिकायतें और समस्याएं संकलित करेंगे और उसका यथासंभव समाधान कराएंगे।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने सभी विभागाध्यक्षों को टीमों सहित मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। भ्रमण में जलकल, स्वास्थ्य, प्रकाश एवं निर्माण विभाग से जुड़ी टीमें शामिल रहेंगी।


