- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
कानपुर (नरवल): ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की एक मिसाल पेश करते हुए नरवल थाना क्षेत्र के इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार पाल और उनकी टीम ने एक गश्त के दौरान मिला नकदी और जेवरात से भरा पर्स उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया।
यह घटना रविवार की है जब पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सड़क पर एक पर्स मिला, जिसमें नकदी और कीमती जेवरात मौजूद थे। इंस्पेक्टर पाल ने बिना देर किए पर्स को थाने में जमा कराया और सोशल मीडिया के जरिए उसके असली मालिक की तलाश शुरू कर दी।
महज 24 घंटे के भीतर, यशोदा नगर निवासी सृष्टि सिंह अपने पति सोमेश सिंह के साथ थाने पहुँचीं। उन्होंने पर्स में रखी वस्तुओं की सही पहचान बताई, जिसके बाद पुलिस ने संपत्ति उन्हें सुरक्षित सौंप दी।
बताया गया कि रक्षाबंधन पर सृष्टि सिंह अपने मायके आई थीं, और रास्ते में उनका पर्स गिर गया था।
यह कोई पहली बार नहीं है जब इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार पाल ने ईमानदारी दिखाई हो। पूर्व में अरौल थाना प्रभारी रहते हुए भी उनकी ईमानदारी और जनसेवा के कई किस्से लोगों के बीच चर्चित रहे हैं।
इस नेक कार्य के लिए स्थानीय लोग और सोशल मीडिया पर यूज़र्स पुलिस टीम की खुले दिल से सराहना कर रहे हैं।





