
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस में ब्रज की धरती पर आस्था का सबसे बड़ा संगम – श्री दाऊजी महाराज राजकीय देवछठ मेला इस बार और भी भव्य होने जा रहा है। 29 अगस्त से शुरू होने वाले इस महाकुंभ जैसी भीड़ वाले मेले की तैयारियों का आज सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने मेले के प्रांगण में जाकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेले की सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने साफ शब्दों में कहा – देवछठ का मेला सिर्फ हाथरस नहीं, बल्कि पूरे ब्रज की आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचकर दाऊजी महाराज के दर्शन करते हैं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहे। दाऊजी महाराज का मेला न सिर्फ धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।,प्रशासन पूरी मुस्तैदी से श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा रहे।

अधिकारियों की मौजूदगी में लिया जायजा
निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी जे चंद्र प्रकाश, उप जिलाधिकारी सदर राज बहादुर, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, नगर क्षेत्रीय अधिकारी, सदर कोतवाली प्रभारी सहित तमाम प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। सुरक्षा, यातायात, बिजली, पेयजल व साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं पर विधायक ने कड़ी नजर डाली।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी रही उपस्थिति
इस मौके पर गौरव आर्य, प्रशांत शर्मा, विष्णु बघेल, अंकित गौड़, रजत अग्रवाल, संजय सक्सेना समेत कई प्रमुख चेहरे भी मौजूद रहे और मेले की व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
इस बार मेले में लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने का अनुमान है। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने का दावा किया है। 29 अगस्त से आस्था का महासागर उमड़ेगा, हाथरस बनेगा ब्रज का केंद्रबिंदु।





