
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल सुरक्षित रेल संचालन के साथ-साथ अपने रनिंग कर्मचारियों की सुविधाओं और उनके स्वास्थ्य के प्रति भी निरंतर संवेदनशील है। इसी क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा ने सोमवार को छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर स्थित गार्ड एवं लोकोपायलट क्रू लॉबी तथा रनिंग रूमों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ऑपरेशन) धर्मेन्द्र यादव, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पाण्डेय, मंडल विद्युत इंजीनियर (कोचिंग) दीपक यादव, सहायक संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार, सहायक मंडल इंजीनियर/छपरा ए.के. राय सहित अन्य वरिष्ठ पर्यवेक्षक भी उपस्थित रहे।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) वर्मा निरीक्षण स्पेशल ट्रेन से छपरा जंक्शन पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद स्टेशन परिसर में स्थित गार्ड एवं लोकोपायलट रनिंग रूम तथा क्रू लॉबी का विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्रू एवं डीजल लॉबी में साइनिंग ऑन एवं साइनिंग ऑफ कियोस्क, ब्रीथ एनालाइजर, रिजर्व व प्रतीक्षारत क्रू कर्मचारियों के विश्राम कक्ष और शौचालयों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने रनिंग रूम में कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं का भी जायजा लिया। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था हेतु वाटर कूलर, आराम के लिए साफ-सुथरे बेड रोल और मच्छरदानी, शारीरिक व्यायाम के लिए व्यायाम कक्ष तथा मानसिक शांति के लिए योग कक्ष की उपलब्धता की समीक्षा की। साथ ही स्वच्छ एवं हाइजीनिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए किचन, पेयजल मशीन, भोजन की गुणवत्ता, डाइनिंग हॉल के रख-रखाव और साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री वर्मा ने रनिंग रूम में ठहरे कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना। उन्होंने रनिंग रूम में बेड की उपलब्धता बढ़ाने के लिए चल रहे विस्तार कार्यों की प्रगति का भी अवलोकन किया तथा कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। रेल प्रशासन का उद्देश्य रनिंग कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर सुरक्षित, सुचारू और कुशल रेल संचालन सुनिश्चित करना है।



