
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: प्रयागराज जिले के मांडा क्षेत्र स्थित बामपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह गंगा में नहाने गए 7 बच्चों के साथ बड़ा हादसा हो गया। गहराई में जाने से सभी बच्चे डूबने लगे, जिसमें 3 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 4 बच्चों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गांव के मोहित (13), दिव्यांशु (16), अमन (9), कुनाल (12), निहाल (10), दीपक (17) और ऋषभ (10) गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद मछुआरे तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
मछुआरों ने मोहित, दिव्यांशु और अमन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि कुनाल, निहाल, दीपक और ऋषभ गंगा की लहरों में समा गए। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने चारों बच्चों के शव बरामद कर लिए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।





