
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में आज एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं तकनीकी उपलब्धि के रूप में नवनीकृत विद्युत (परिचालन) कार्यालय का लोकार्पण सम्पन्न हुआ। मंडल कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शिलापट्ट का अनावरण किया, जबकि मुख्य कार्यालय अधीक्षक अर्चना सिंह चौहान ने फीता काटकर कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कार्यालय इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने नवीनीकृत कार्यालय का निरीक्षण करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह कार्यालय विद्युत विभाग की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा। इससे रेल सेवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य वातावरण कर्मचारियों की उत्पादकता बढ़ाने में सहायक होगा और विभागीय कार्यों का निष्पादन अधिक सुव्यवस्थित ढंग से हो सकेगा।
सुरक्षित एवं सुचारु रेल संचालन को मिलेगा बल
कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि यह कार्यालय विद्युत रख-रखाव, ऊर्जा प्रबंधन तथा नई तकनीकों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे मंडल में ट्रेनों के सुरक्षित, सुचारु और समयबद्ध संचालन को और अधिक मजबूती मिलेगी।वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति उद्घाटन समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर प्रथम रजत प्रिय, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सौरभ राठौर, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) धर्मेन्द्र कुमार यादव, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पाण्डेय सहित अनेक अधिकारी, मुख्य लोको निरीक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रेलवे प्रशासन की कार्यकुशलता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
अधिकारियों ने इसे मंडल प्रशासन की कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। आधुनिक तकनीकी संसाधनों से युक्त यह कार्यालय ऊर्जा दक्षता, प्रणालीगत निगरानी और त्वरित तकनीकी प्रतिक्रिया को सक्षम बनाकर रेलवे परिचालन को और अधिक प्रभावी बनाएगा।कार्यक्रम का समन्वय एवं औपचारिक जानकारी रमेश कुमार शाह द्वारा प्रदान की गई।





