
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। नवरात्रि पर्व एवं ईद की नमाज़ के दृष्टिगत सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में अपर पुलिस आयुक्त द्वारा स्थलीय निरीक्षण/भ्रमण:-
शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय), कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा ईद की नमाज़ एवं नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत थाना आदमपुर, रामनगर, सिगरा, भेलूपुर, कैंट एवं मण्डुवाडीह सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नमाज़ स्थलों, प्रमुख मार्गों, चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों का गहनता से जायजा लिया गया।
उक्त निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर कल रात्रि में नवरात्रि के श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए मन्दिरों, निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे दर्शन-पूजन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा व्यवस्था सुचारु एवं व्यवस्थित बनी रहे।
अपर पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा नमाज़ स्थलों एवं मंदिर परिसर के आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से लागू हों। साथ ही भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था की सतत निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं नियंत्रित बनाए रखने के संबंध में ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे निरंतर क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी बनाए रखें, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी संभावित स्थिति, अफवाह अथवा अवांछित गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सामान्य बनाए रखने के लिए तत्पर रहें। निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश
नमाज़ स्थलों एवं मंदिर परिसरों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा भीड़ प्रबंधन के दृष्टिगत प्रभावी बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनी रहे।
सुगम एवं सुरक्षित आवागमन हेतु प्रवेश एवं निकास मार्गों को स्पष्ट रूप से निर्धारित किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर वन-वे मूवमेंट व्यवस्था लागू कर भीड़ को नियंत्रित एवं सुव्यवस्थित रखा जाए।
ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, सजगता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा नमाज़ अदा करने आने वाले श्रद्धालुओं एवं दर्शन-पूजन हेतु आने वाले भक्तों के साथ विनम्र, शालीन एवं संयमित व्यवहार बनाए रखें।
नमाज़ स्थलों, मंदिर परिसरों, प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त एवं निगरानी बनाए रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर उसका तत्काल सत्यापन करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए।
यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं तिराहों पर यातायात पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जाए।
सहायक पुलिस आयुक्त एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी करें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही स्थानीय प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए समस्त व्यवस्थाओं को प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाए रखा जाए।
पुलिस प्रशासन की सतर्कता, प्रभावी प्रबंधन एवं समुचित सुरक्षा व्यवस्था के फलस्वरूप जनपद वाराणसी में ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराई गई। नमाज़ के अवसर पर जनपद के विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा नमाज़ अदा की गई, जिसके दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से लागू रखा गया। नवरात्रि पर्व के अवसर पर विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी समुचित सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे श्रद्धालुओं द्वारा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन किया गया।
आमजन से अपील
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस द्वारा समस्त जनपदवासियों से अपील की जाती है कि दर्शन-पूजन एवं नमाज़ अदा करने हेतु आने वाले श्रद्धालु निर्धारित स्थलों का ही उपयोग करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का पूर्ण सहयोग करें। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि अफवाहों अथवा भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस अधिकारी अथवा डायल 112 पर दें।
सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या साम्प्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली पोस्ट/संदेश साझा न करें। साथ ही वाहन चालकों से अपील है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस कर्मियों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का अनुपालन करें, जिससे श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस को विश्वास है कि आप सभी के सहयोग, संयम एवं आपसी सद्भाव से पर्व शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न होंगे।




