
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: कैसरबाग थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार की शाम को क्षेत्रीय व्यापारियों के साथ संवाद बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में कैसरबाग व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों सहित कई स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने क्षेत्र में व्याप्त प्रमुख समस्याओं को थाना प्रभारी के समक्ष रखा। इनमें खासतौर पर अवैध पार्किंग, लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम, अराजक तत्वों की गतिविधियाँ, और रात्रि गश्त की कमी जैसे मुद्दे शामिल रहे। व्यापारियों ने इन समस्याओं के चलते व्यवसाय पर पड़ रहे असर की भी जानकारी दी।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, कानून व्यवस्था और व्यापारिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग पूरी सक्रियता से काम करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस-प्रशासन और व्यापारियों के आपसी सहयोग से ही क्षेत्र को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। व्यापारियों ने नए थाना प्रभारी का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कैसरबाग क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएंगे।
बैठक के अंत में अंजनी कुमार मिश्रा ने आगामी 15 अगस्त के अवसर पर एक प्रेरणादायक संदेश भी दिया। उन्होंने कहा, “तिरंगा फहराने का असली अर्थ है – अपने दिल में देश के प्रति सच्चा प्रेम और सेवा का भाव रखना, न कि केवल दिखावे के लिए फोटो खिंचवाना।”





