
- रिपोर्ट: विजय प्रताप गुप्ता
बहराइच। शहर के बड़िहाट उत्तरी क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय के ठीक सामने अवैध तरीके से पार्किंग का अड्डा बनाए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय के बाहर सड़क किनारे प्रतिदिन कई वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे लोगो को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह और छुट्टी के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। अभिभावकों ने चिंता जताते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ इस प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय के सामने हो रही अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों और आम जनता को सुरक्षित और सुगम रास्ता मिल सके।
इस संबंध में जब जिम्मेदार अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




