
- रिपोर्ट: अमित कुमार
रामनगरी अयोध्या के थाना कोतवाली अयोध्या क्षेत्र अंतर्गत वासुदेव घाट मोहल्ले में आम के हरे-भरे पेड़ की अवैध कटान का मामला सामने आया है इस पूरे प्रकरण को लेकर छावनी के शिष्य संत दास उर्फ राजेश मानव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं प्रेस कॉन्फ्रेंस में संत दास उर्फ राजेश मानव ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र संख्या 043/1862/461, वासुदेव घाट, थाना कोतवाली अयोध्या में करीब 50 वर्ष पुराने आम के हरे पेड़ को अवैध रूप से काटा गया।
आरोप है कि राम लखन पुत्र अज्ञात द्वारा वाहन संख्या UP42 DT 4935 से आम की लकड़ी लादी जा रही थी। घटना के दौरान तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी गई सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक गाड़ी व उसके ड्राइवर को पकड़ लिया गया, जबकि इससे पहले एक अन्य वाहन में आम की लकड़ी लादकर भेजी जा चुकी थी। मामले में पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र (एप्लीकेशन) भी दिया गया है।

संत दास उर्फ राजेश मानव ने कहा कि चौकी इंचार्ज नयाघाट को शिकायत देने और पुलिस द्वारा मौके पर कार्रवाई किए जाने के बावजूद अब तक FIR दर्ज नहीं की गई है और न ही मामले में कोई ठोस कानूनी कार्रवाई सामने आई है। उन्होंने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि हरे पेड़ों की अवैध कटान सीधे तौर पर पर्यावरण के साथ खिलवाड़ है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।


प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी स्पष्ट किया गया कि शिकायतकर्ता द्वारा सभी साक्ष्य उपलब्ध कराए जाने के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता समझ से परे है। संत दास उर्फ राजेश मानव ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र FIR दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो वह जन आंदोलन करने और उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे।
फिलहाल, पुलिस के मौके पर पहुंचने, गाड़ी व ड्राइवर पकड़े जाने के बावजूद FIR दर्ज न होना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।





