
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। रंगों के पर्व होली पर काशी में सड़कों से लेकर गलियों तक उल्लास का अद्भुत माहौल देखने को मिला। सुबह से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और जमकर उत्सव मनाया। शहर की तंग गलियों, मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों में होली का खास उत्साह देखने को मिला। लोग ढोलक और मंजीरे की थाप पर होली के पारंपरिक गीत गाते हुए नाचते-गाते नजर आए जगह-जगह समूह बनाकर लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते हुए गले मिलते रहे।
कई स्थानों पर होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया, जहां लोगों ने मिठाइयों और गुजिया का आनंद लेते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। बच्चों में पिचकारी और रंगों के साथ होली खेलने का खास उत्साह दिखाई दिया।शहर के प्रमुख इलाकों के साथ ही मोहल्लों की गलियों में भी रंगों की फुहार उड़ती रही और पूरा वातावरण होली के रंग में सराबोर हो गया। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर बधाई दी और आपसी प्रेम व सौहार्द को मजबूत किया।
होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की गश्त जारी रही, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। कुल मिलाकर काशी में होली का त्योहार पूरे उत्साह, उमंग और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया, जहां सड़कों से लेकर गलियों तक हर ओर रंग, उमंग और खुशियों की झलक दिखाई दी।



