
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। रौनाही–बभनियावाँ मार्ग पर राजस्व ग्राम बभनियावाँ स्थित गाटा संख्या 67 पर अवैध अतिक्रमण हटाने में प्रशासनिक शिथिलता को लेकर बजरंग दल संगठन ने उप जिलाधिकारी सोहावल को पत्र भेजकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन ने आरोप लगाया है कि सड़क मार्ग पर बने तथाकथित ईदगाह जैसे अवैध निर्माण को हटाने के लिए बीते तीन वर्षों से लगातार मांग की जा रही है, लेकिन प्रशासन टालमटोल रवैया अपनाए हुए है।
संगठन के अनुसार, रौनाही ड्योढ़ी मार्ग का उच्चीकरण व चौड़ीकरण कार्य दो वर्षों से अधिक समय से अधूरा है। इसी मार्ग पर स्थित गाटा संख्या 67 सड़क की भूमि है, जिसपर अवैध अतिक्रमण पाया गया। उप जिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व टीम द्वारा पैमाइश भी कराई गई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि निर्माण सड़क पर अतिक्रमण कर रहा है। तीन बार जेसीबी मशीन भी पहुंची, पर कार्रवाई अधूरी छोड़ दी गई।
बताया गया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर 15 अक्टूबर 2025 को अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग खंड-4 ने एसडीएम सोहावल को पुनः पैमाइश कराकर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का पत्र भेजा, किंतु अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। संगठन का आरोप है कि एसडीएम कार्यालय स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, जिसके कारण जलभराव और आवागमन की समस्या बनी हुई है। क्षेत्रीय जनता में रोष व्याप्त है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 22 नवंबर 2025 तक अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो 28 नवंबर 2025 को तहसील प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने संभावित विरोध की पूर्ण जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी पर डालते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पत्र पर संगठन के पदाधिकारी लालजी शर्मा के हस्ताक्षर हैं।


