
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट, ब्यूरो लखनऊ
लखनऊ: महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज, बहराइच में कथित लापरवाही के गंभीर आरोपों के बाद प्रदेश सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाई लेवल जांच कमेटी गठित कर दी है।
प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने यह कमेटी भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी की शिकायत के बाद गठित की है। विधायक ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाया कि एक प्रसूता महिला को न तो भर्ती किया गया और न ही उसका इलाज किया गया, जिसके चलते उसे मजबूरन निजी अस्पताल का रुख करना पड़ा।
आरोप है कि विधायक सुभाष त्रिपाठी ने इस संबंध में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय खत्री और डॉ. अन्नू श्रीवास्तव से स्वयं बात की थी, बावजूद इसके महिला का इलाज नहीं हुआ। विधायक के हस्तक्षेप और फोन कॉल्स का भी कोई असर नहीं पड़ा, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
शिकायत शासन तक पहुंचने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति बनाई गई है।
इस हाई लेवल जांच कमेटी में शामिल हैं:
किंजल सिंह, डीजी मेडिकल एजुकेशन
कृतिका शर्मा, विशेष सचिव चिकित्सा शिक्षा
डॉ. नीतू सिंह, प्रोफेसर, RML मेडिकल कॉलेज
कमेटी मामले की पूर्ण जांच करेगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित डॉक्टरों व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रकरण ने स्वास्थ्य व्यवस्था में मानवता और जवाबदेही की कमी को उजागर किया है, जिससे सरकार और जनता दोनों में चिंता का विषय बना हुआ है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।





