
- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
नई दिल्ली— संसद के बजट सत्र के चौथे दिन सोमवार को लोकसभा में भारी हंगामा देखने को मिला। डोकलाम मुद्दे को लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए उनके बयान की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए।
चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या द्वारा कांग्रेस पर भारतीय संस्कृति को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज किया और कहा कि कांग्रेस इसका जवाब देगी। इसके बाद उन्होंने डोकलाम से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए पूर्व थल सेनाध्यक्ष मनोज नरवणे की एक किताब का हवाला देना शुरू किया।
राहुल गांधी के इस बयान पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तत्काल खड़े हो गए। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस किताब का जिक्र किया जा रहा है, क्या वह वास्तव में प्रकाशित हुई है। राजनाथ सिंह ने कहा कि किताब के प्रकाशित न होने की स्थिति में उसके आधार पर सदन में बयान देना उचित नहीं है। इस पर लोकसभा में शोर-शराबा बढ़ गया। स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी से उनके स्रोत को प्रमाणित करने के लिए कहा। राहुल गांधी ने जवाब दिया कि किताब को सरकार द्वारा प्रकाशित नहीं होने दिया जा रहा है, लेकिन वह पूरी तरह प्रमाणिक है।
इसके बाद राजनाथ सिंह ने फिर आरोप लगाया कि राहुल गांधी सदन को गुमराह कर रहे हैं, क्योंकि जिस किताब का उल्लेख किया जा रहा है, वह सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी स्वयं यह स्वीकार कर रहे हैं कि किताब प्रकाशित नहीं हुई है, जिससे विवाद स्वतः समाप्त हो जाता है।
स्पीकर ओम बिरला ने सदन को याद दिलाया कि अखबारों की कटिंग या अप्रकाशित पुस्तकों के आधार पर चर्चा करने की परंपरा नहीं रही है और सदन की कार्यवाही नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार ही चलती है। उन्होंने राहुल गांधी से आगे बढ़ने को कहा।
राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वे यह मुद्दा उठाना नहीं चाहते थे, लेकिन कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों के कारण उन्हें जवाब देना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने एक बार फिर मनोज नरवणे की किताब का जिक्र किया। इस पर स्पीकर ने दोहराया कि सदन में बोलने का अधिकार सभी को है, लेकिन इसका उपयोग नियमों और संसदीय परंपराओं के तहत ही किया जाना चाहिए। पूरे घटनाक्रम के दौरान लोकसभा में हंगामे का माहौल बना रहा।





