
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: दिनांक 26.08.2025 को फैजुल्लागंज क्षेत्र की मामा कॉलोनी एवं शिव शक्तिनगर में नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अलीगंज एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पुराना दाऊदनगर, लखनऊ की टीमों द्वारा स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान कुल 176 घरों का निरीक्षण करते हुए 72 मरीजों की जांच की गई।
इनमें सामान्य बुखार के 03 मरीजों को आवश्यक दवाएं देकर उपचार किया गया एवं स्वास्थ्य संबंधी शिक्षा प्रदान की गई। क्षेत्र में डायरिया का कोई भी मामला सामने नहीं आया।
टीम द्वारा 11 रोगियों की आरडीटी किट से डेंगू व मलेरिया की जांच की गई, लेकिन कोई भी पॉजिटिव केस नहीं पाया गया। इसके अतिरिक्त मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) के माध्यम से मरीजों को मौके पर ही इलाज प्रदान किया गया।
जिला मलेरिया अधिकारी की टीम ने क्षेत्र में एण्टी लार्वा रसायन का छिड़काव कर मच्छरों की रोकथाम हेतु आवश्यक कार्रवाई की।

इसी क्रम में जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-7, लखनऊ में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जानकीपुरम की टीम ने 72 घरों का निरीक्षण किया। क्षेत्र में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में कुल 06 मरीज देखे गए, जिनमें से कोई भी डायरिया का रोगी नहीं पाया गया। सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं एवं स्वास्थ्य शिक्षा देते हुए उपचारित किया गया।
आज क्षेत्र से कोई भी मरीज अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। क्षेत्र में ब्लीचिंग पाउडर तथा एण्टी लार्वा रसायन का छिड़काव कर स्वच्छता एवं मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए जनसामान्य को जागरूक किया गया।
वर्तमान में दोनों क्षेत्रों की स्वास्थ्य स्थिति नियंत्रण में है।





