
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: थाना सहपऊ क्षेत्र के लोधई गांव से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो पक्षों में कहासुनी के दौरान एक महिला अचानक अवैध तमंचा लहराते हुए सामने आती है, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
वीडियो में महिला को पहले एक मासूम बच्चे पर तमंचा तानते हुए देखा गया, इसके बाद वह एक युवक और एक बुजुर्ग को भी खुलेआम धमकाती नजर आती है। जैसे ही महिला को पता चला कि एक युवक उसका वीडियो बना रहा है, उसने उसे भी धमकी दे दी और कहा, “बना वीडियो, देखती हूं क्या होता है मेरा।”
यह मामला अब पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुट गया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है।

इस वायरल वीडियो ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।





