
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
हरदोई (शाहाबाद): हरदोई जनपद के शाहाबाद इलाके में पुलिस की गैर जिम्मेदाराना हरकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बीजेपी के बूथ अध्यक्ष की लाश एक तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक कई दिनों से लापता था, लेकिन पुलिस द्वारा कोई गंभीरता नहीं बरती गई।
शव मिलने के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया। इस दौरान शाहाबाद कोतवाली के प्रभारी का रवैया भी बेहद आपत्तिजनक रहा। आरोप है कि जब पीड़ित परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहा था, तब कोतवाल मुंह में गुटखा लिए मृतक के भाई को समझाने के बजाय मुक्का दिखाने और मारने की कोशिश कर रहे थे।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। यह पूरा मामला शाहाबाद कोतवाली, हरदोई का है और अब यह प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस की कार्यशैली को लेकर जनता में गहरा रोष है।





