
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
हरदोई: जनपद हरदोई के संडीला कोतवाली में तैनात नवागत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विद्या सागर पाल ने पदभार ग्रहण करते ही अपराधियों पर नकेल कसनी शुरू कर दी है। चार्ज संभालते ही उन्होंने पुलिसिंग में अपनी सख्त कार्यशैली का परिचय देते हुए एक 25 हजार रुपए के इनामी अपराधी को दबोचकर बड़ी सफलता हासिल की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किया गया इनामी अपराधी धर्मपाल पुत्र गंगासिंह, निवासी ग्राम नेवादा, कोतवाली शहर, जनपद कन्नौज है। धर्मपाल संडीला क्षेत्र में हुई इनोवा कार लूटकांड और रोडवेज बस से डीजल चोरी की वारदातों में वांछित चल रहा था। पुलिस टीम कई दिनों से उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था।
मुखबिर की सटीक सूचना पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर्मपाल को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया, जिससे स्थानीय पुलिस और आम जनता में राहत की भावना है।
कोतवाली प्रभारी विद्या सागर पाल ने कहा कि अपराधियों के लिए संडीला में कोई जगह नहीं होगी। जो भी अपराधी कानून व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





