
- रिपोर्ट: आलम अंसारी
हापुड़: जिले में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे का खुलेआम उपयोग लोगों की जान पर बन आया है। गुरुवार देर शाम एक बाइक सवार युवक इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की गर्दन में गहरा कट लग गया, जिसे तीन टांकों से सील किया गया है। घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना हापुड़ नगर के हैदरनगर गांव की है। जानकारी के अनुसार, नदीम नामक युवक बाइक से गालंध ड्यूटी के लिए जा रहा था। जब वह पिलखुवा के पास एनएच-9 पर स्थित छिजारसी टोल टैक्स से कुछ दूरी पर पहुंचा, तभी चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में उलझ गया और वह लहूलुहान हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने फौरन उसकी मदद की और परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए।
घटना के बाद घायल युवक ने पुलिस और प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उसने कहा,
“मेरे साथ जो हादसा हुआ, वह किसी और के साथ न हो। प्रशासन को सतर्क रहना चाहिए और यह जांच करनी चाहिए कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा कहां से और कैसे बिक रहा है?”
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई जाए ताकि इस तरह के हादसे दोबारा न हों।





