
- रिपोर्टर: आलम अंसारी
हापुड़: नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को अमीरपुर से मुकिमपुर जाने वाले रास्ते पर रेलवे ओवर ब्रिज के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 6 अधबने तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पहले करता था फूलों का काम, अब बना हथियार तस्कर
पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। आरोपी पहले फूलों का व्यापार करता था, लेकिन जल्द पैसा कमाने के लालच में वह अवैध शस्त्र बनाने और सप्लाई करने के धंधे में उतर आया।

अपराधियों को करता था हथियार की सप्लाई
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि आरोपी अवैध हथियार बनाकर डिमांड के अनुसार अपराधी किस्म के लोगों को सप्लाई करता था। वह एक तमंचा हापुड़, अलीगढ़, गाजियाबाद और आस-पास के जिलों में 5 से 7 हजार रुपये में बेचता था, जिससे उसे अच्छा खासा मुनाफा होता था।
पुलिस की कार्रवाई
नगर थाना पुलिस ने मौके पर से आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीए एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब उससे आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।





