
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
उत्तराखंड के हल्द्वानी थाने में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक अफ्रीकी नागरिक ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। ऊंची कद-काठी वाले इस विदेशी युवक ने थाने में ही कूद-कूदकर पुलिसवालों पर मुक्के बरसाने शुरू कर दिए, जिससे थाने में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बताया जा रहा है कि अफ्रीकी युवक काफी आक्रामक हो गया था और किसी की बात नहीं सुन रहा था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू में किया और हालात पर नियंत्रण पाया।

इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक का उग्र रूप और पुलिस की परेशानी साफ देखी जा सकती है। फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह युवक थाने क्यों आया था और उसने हमला क्यों किया।





