
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
ग्वालियर: मध्य प्रदेश के स्मार्ट सिटी कहे जाने वाले ग्वालियर की सड़कों की हालत इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। शहर के वीआईपी इलाके में स्थित सिंधिया महल से महज 500 मीटर की दूरी पर बनी एक नई सड़क मात्र एक महीने में ही जर्जर हो गई है। हालात इतने खराब हैं कि बीते 10 दिनों में यह सड़क 7 बार धंस चुकी है।
यह सड़क करोड़ों रुपये की लागत से बनी थी, लेकिन चार बारिश भी नहीं झेल पाई। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनकी गहराई देखकर ऐसा लग रहा है मानो सड़क के नीचे सुरंग खोदी गई हो।
स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों का कहना है कि यह मामला साफ तौर पर भ्रष्टाचार और लापरवाही को उजागर करता है। जिस सड़क से रोज़ाना वीआईपी मूवमेंट होता है, उसकी यह स्थिति दर्शाती है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ होगा।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनी इस सड़क के बार-बार धंसने से न सिर्फ यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि लोगों की जान को भी खतरा बना हुआ है। फिलहाल नगर निगम और संबंधित एजेंसियां एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रही हैं, लेकिन जनता जवाब मांग रही है।





