
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
गांधीनगर: गुजरात सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन में 23 वर्ष पूरे करने पर दी गई बधाई से जुड़े विज्ञापनों पर ₹8.81 करोड़ खर्च किए हैं। यह जानकारी एक RTI (सूचना का अधिकार) आवेदन के जरिए सामने आई है।
यह खर्च पिछले साल 7 अक्टूबर 2024 को दिए गए उन विज्ञापनों पर किया गया, जिनमें मोदी के “सफल और सक्षम नेतृत्व के 23 वर्ष” पूरे होने का जश्न मनाया गया था। इन 23 वर्षों में मोदी ने पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
विज्ञापन श्रृंखला में एक और प्रमुख प्रचार अभियान “विकास सप्ताह – सफल एवं सक्षम नेतृत्व के 23 वर्ष” नाम से भी चलाया गया था, जिसे अखबारों, डिजिटल मीडिया और अन्य प्लेटफार्मों पर बड़े पैमाने पर प्रसारित किया गया।
आम तौर पर 25, 50 या 100 साल जैसे पड़ावों पर आयोजनों और उत्सवों की परंपरा रही है, लेकिन 23 साल पूरे होने पर करोड़ों रुपये खर्च कर जश्न मनाया जाना अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
विपक्ष और सामाजिक कार्यकर्ता इस खर्च पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं सरकार की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। RTI से सामने आए इस आंकड़े ने एक बार फिर सरकारी खर्चों की प्राथमिकताओं को लेकर बहस छेड़ दी है।





