
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: जौनपुर उत्तर प्रदेश शासन की ‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ योजना के तहत महिला पुलिस कर्मियों ने आज जौनपुर की सड़कों पर भव्य बाइक रैली आयोजित कर नारी सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण का संदेश आम जनता तक पहुंचाया। रैली का नेतृत्व महिला थाना प्रभारी श्यामा तिवारी और महिला व बाल सुरक्षा संगठन की प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह ने किया। यह रैली पुलिस लाइन जौनपुर से प्रारंभ होकर पालिटेक्निक चौराहे तक आयोजित की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के कुशल निर्देशन में और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में महिला पुलिस बल ने अपनी शक्ति और सजगता का प्रदर्शन किया।
महिला पुलिस कर्मियों ने रैली के दौरान नारे लगाते हुए राहगीरों और स्थानीय महिलाओं को सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस भव्य आयोजन का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास जगाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक वातावरण बनाना बताया गया। साथ ही महिलाओं को स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना इस रैली का प्रमुख संदेश रहा।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम महिलाओं में सशक्तिकरण की भावना को मजबूत करते हैं और समाज में सुरक्षा व जागरूकता का संदेश पहुंचाते हैं।





