
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बिहार: एक सरकारी इंजीनियर काले धन का कुबेर निकला। उसके घर छापा पड़ा तो पकड़े जाने के डर से रात भर बैठकर 2 से 3 करोड़ रुपये को स्वाहा कर दिया। इतने नोट जलाने के बावजूद आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने इंजीनियर के घर से 39 लाख रुपये कैश बरामद किए। कालेधन के कुबेर का नाम विनोद राय है। वह ग्रामीण कार्य विभाग में अधीक्षण अभियंता के पद पर तैनात हैं। पुलिस ने विनोद और उनकी पत्नी को नोट जलाने और सबूत मिटाकर सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है।
इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार का अलग से मामला चलाया जाएगा। जब ईओयू की टीम छापा मारने पहुंची तो इंजीनियर की पत्नी ने कहा कि वह घर में अकेली है। ऐसे में मजबूरन छापेमारी टीम को सुबह होने का इंतजार करना पड़ा। दूसरी ओर, ऊपर के कमरे में इंजीनियर साहब पूरी रात नोट जलाते रहे। जलाते-जलाते थक गए, फिर भी 3950 लाख रुपये बच गए। शुक्रवार सुबह ईओयू की टीम ने घर में दबिश दी तो पानी की टंकी से यह कैश बरामद हुआ। टीम को घर से लगभग साढ़े 12 लाख रुपये के अधजले नोट और बाथरूम के पाइप से भारी मात्रा में भरा जले नोटों का मलबा भी मिला है।





