
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में गांजे की तस्करी का बड़ा मामला उजागर हुआ है। नगराम थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी स्कॉर्पियो से करीब डेढ़ कुंतल गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह सफलता डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल के मार्गदर्शन और एसीपी रजनीश वर्मा के निर्देशन में नगराम थाना प्रभारी विवेक चौधरी और उनकी टीम को मिली।
गांजे की यह खेप आंध्रप्रदेश और ओडिशा से मंगाई गई थी, जिसे लखनऊ के ग्रामीण इलाकों में सप्लाई किया जाना था। लेकिन नगराम क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की घेराबंदी के दौरान एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अब फरार तस्कर की तलाश में जुट गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को राजधानी में मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।





